बिसवां नगर(सीतापुर)। सरकार की मंशा के अनुसार गत 20 जून से हर ग्राम पंचायत में रोस्टर के अनुसार बैठकें आहूत की जा रही हैं जिसके क्रम में मंगलवार को बिसवां विकास खण्ड की ग्राम पंचायत जहांगीराबाद के पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में दोपहर 12 बजे से आहूत की गयी। बैठक में नवागत ग्राम पंचायत विकास अधिकारी हरिओम श्रीवास्तव के अलावा ग्राम प्रधान साजिदा खातून , पंचायत सहायक अनीता देवी सहित लगभग ग्यारह पंचायत सदस्य मौजूद थे। बैठक में पिछली कार्यवाही पढ़कर सुनायी गयी जिसका सभी उपस्थित सदस्यों ने समर्थन किया।नवागत वी.डी.ओ. ने सभी पंचायत सदस्यों से परिचय प्राप्त किया तथा आश्वस्त करता हुये कहा कि आज इस ग्राम पंचायत में मेरी उपस्थिति में पहली बैठक है।सभी सदस्य एक रजिस्टर पर अपने अपने वार्डों की समस्यायें नोट करें तथा कराये जाने वाले कार्यों को नोट करें।प्रत्येक मंगलवार को मैं पंचायत भवन में बैठूंगा जहां सभी सदस्य मुझसे मिलकर नोट करा देंगे जिसे ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव में सम्मिलित कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराये जायेंगे।बता दें कि नये पंचायत सचिव मंगलवार को पहली बार ग्राम पंचायत जहांगीराबाद की बैठक में आये थे। उन्होंने ग्राम प्रधान से गांवों की साफ सफाई और कूड़ा निस्तारण पर भी चर्चा की।सेक्रेटरी ने बताया कि अभी मुझे पूरे प्रपत्र चार्ज में नहीं मिले हैं जो जल्द ही मिल जायेंगे और पूरी निष्ठा व लगन के साथ बिना भेदभाव के सरकार की मंशानुरूप पूरी ग्राम पंचायत में कार्य कराये जायेंगे। बैठक में पंचायत समितियों की भी जानकारी ली गयी।समिति के सदस्यों से जागरूकता के साथ समितियों के कार्य निष्पादन के लिये जागरूक और सक्रिय रहने को कहा गया।
सीतापुर – नवागत वी.डी.ओ. ने की ग्राम पंचायत की बैठक

