नेशनल हाइवे 730 पर ईसानगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की दोपहर रोडवेज की अनुबंधित बस और ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। ट्रक के चालक, खलासी, बस चालक व एक यात्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बस के परिचालक की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान जान चली गई। हादसे में 20 लोग जख्मी हुए। इनमें छह लोग खमरिया सीएचसी व लखीमपुर के जिला अस्पताल में भर्ती कराए गए हैं।शुक्रवार की दोपहर अनुबंधित बस धौरहरा से लखीमपुर जा रही थी। ईसानगर थाना क्षेत्र में ऊंचागांव के पास धौरहरा की ओर जा रही ट्रक से बस की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक बालचंद्र मिश्रा उर्फ रानू (40) निवासी हरगांव जिला सीतापुर और सिसैया के जमाल खां (45) पुत्र छोट्टा खां की मौके पर ही मौत हो गई।इसी हादसे में ट्रक के चालक अवसाफ (32) निवासी कांधला जिला शामली और खलासी सिराजुल (25) निवासी रुद्रपुर उत्तराखंड की भी मौत हो गई। उधर बस के परिचालक नायब सिंह (40) निवासी इटावा की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान लखीमपुर में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी संजीव सुमन, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी जिला अस्पताल पहुंचे। हादसे में बीस यात्री जख्मी हो गए। इनमें छह का इलाज जारी है।
लखीमपुर -रोडवेज बस और ट्रक में भिड़ंत, चार की मौत, 20 घायल

