लखनऊ कृष्णा नगर में घर बनाने का सपना दिखाकर प्रॉपर्टी रियल एस्टेट का कारोबार करने वाली कई कंपनियों पर मकान प्लाट दिखाकर के धोखाधड़ी करने के कई मामले प्रकाश में आए हैं। ताजा प्रकरण लखनऊ की बहुचर्चित रियल एस्टेट कंपनी ड्रीम्स इंफ्रावेंचर का है। समीर शेख की इस कंपनी के लखनऊ में कई जगह ऑफिस हैं जिनमें एक बड़ा ऑफिस कृष्ण नगर क्षेत्र में भी है। कानपुर क्षेत्र के रहने वाले एक प्लॉट खरीददार ने आरोप लगाया है कि 2016 में कंपनी ने कानपुर रोड कटिबगिया क्षेत्र मे उसको जमीन दिखाई, और डेढ़ लाख रुपया कंपनी के कर्मचारी के खाते में लिया। डेढ़ लाख रूपया एडवांस लेने के बाद ही कंपनी द्वारा यह बताया जाने लगा कि यह जमीन नहीं हो पा रही है अब दूसरी जगह जमीन दी जाएगी। कानपुर के प्लॉट खरीददार सीमा के पति बृजलाल ने बताया कई उपभोक्ताओं ने उस समय ही हंगामा किया। जिस पर कंपनी ने कहा जो जमीन नहीं लेगा उसको ब्याज सहित पैसा 3 महीने में दे दिया जाएगा। तब के बाद से लगातार उपभोक्ता कंपनी के चक्कर लगा रहा है। कंपनी ऑफिस आने पर हर बार नया आदमी मिलता है और 8 दिन बाद पैसा देने की बात वह आदमी मौखिक रूप से करता है। उसके जैसे बहुत सारे लोगों का पैसा यह कंपनी डकारे जा रही हैं। जब ऐसा उसे पता चला तो उसने एमडी समीर शेख से बात करनी चाही। लेकिन कंपनी के कर्मचारियों ने बात नहीं करवाई। अपने ही पैसे के लिए वह कई बार चक्कर लगा चुका है। कोई कर्मचारी उसको लिख कर देने को भी नहीं तैयार है, उसका पैसा डूबता नजर आ रहा है, उसे पता चला कि उसके जैसे बहुत लोगों का पैसा कंपनी ने इसी तरह टालमटोल कर फंसा रखा है, जिसकी सूचना कृष्णा नगर थाने में भी कई लोग दर्ज करवा चुके हैं। उपभोक्ता जब अपने पैसे के बारे में ऑफिस से जानकारी करना चाहता है तो उसे एमडी समीर शेख की ऊंची पहुंच का हवाला दिया जाता है,उसे ड्रीम्ज इंफावेंचर कंपनी द्वारा लगातार दौड़ा-दौड़ा कर परेशान किया जा रहा है। परेशान हो करके उसने कृष्ण नगर थाने में लिखित तहरीर दी है। तहरीर में पीड़ित द्वारा बताया गया है कि उसे पिछले 4 वर्षों से कभी जमीन के नाम पर और कभी जमीन के पैसा वापस देने के नाम पर दौड़ाया जा रहा है। लेकिन 3 वर्षों से उसको आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिल रहा, अब तक ना उसको जमीन मिली ना पैसा। उसने जब कंपनी वालों से पूछा कि कितना पैसा देंगे और कब तो इसका जवाब देने के लिए कोई तैयार नहीं। बस उसको यह बताया जाता है कि उसको पैसा इंटरेस्ट के साथ दिया जाएगा, उसको कोई चीज लिखित में नहीं दी जा रही है। दी गई तहरीर में उसने कंपनी के लेन देन और अपने साथ हुए धोखे पर कंपनी पर कठोर कार्यवाही की मांग की है। कृष्णा नगर थाना प्रभारी आलोक सिंह ने जानकारी में बताया कि उपभोक्ता द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया है, जांच की जा रही है उचित विधिक कार्यवाही की जाएगीl गौरतलब है कि अभी कुछ दिन पूर्व ही राशिद नसीम की शाइन सिटी इंफ्रा डेवलपर्स कंपनी द्वारा जमीन के नाम पर पैसा लेकर धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। साइन सिटी कंपनी के मुख्य निदेशक देश छोड़कर बाहर भाग चुके हैं। कंपनी के उपभोक्ता कार्यवाही के नाम पर पुलिस और कचहरी के चक्कर काट रहे हैं।
लखनऊ -शेख की कंपनी ड्रीमज़ इंफ्रा पर लगा जमीन दिखाकर पैसा हड़पने का आरोप

